आज के समय में लोग कई तरह की बीमारियों से ग्रस्त हैं। उच्च रक्तचाप की समस्या इन्हीं में से एक है। इसे एक साइलेंट किलर कहा जाता है। ब्लडप्रेशर की समस्या आज के समय में बेहद आम होती जा रही है। धूम्रपान, मोटापा, शारीरिक गतिविधियों में कमी, भोजन में अत्यधिक नमक, बढ़ती उम्र, अनुवांशिकता, शराब, तनाव, नींद संबंधी विकार कुछ ऐसे कारण हैं जो कहीं न कहीं उच्च रक्तचाप की वजह बनते हैं। जब व्यक्ति को यह समस्या होती है तो उसे लगातार सिरदर्द, छाती में दर्द, नजर कमजोर होना, सांस लेने में दिक्कत, नाक से खून निकलना जैसी परेशानियां होती है। इसलिए यह जरूरी है कि इस तरह की समस्या होने पर तुरंत डाॅक्टरी जांच करवाएं। वैसे हाई ब्लड प्रेशर होने पर सिर्फ दवाईयां ही नहीं, कुछ घरेलू उपायों की मदद से काफी हद तक बीमारी पर काबू पाया जा सकता है। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में-
लहसुन का इस्तेमाल
लहसुन का इस्तेमाल यूं तो सब्जी का स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है, लेकिन अगर आप चाहें तो इसकी मदद से कई बीमारियों का इलाज आसानी से कर सकते है। लहसुन में बायोएक्टिव सल्फर यौगिक के रूप में एस-एल सिस्टीन पाया जाता है, जो हाई ब्लड प्रेशर के लिए काफी लाभदायक है। आप सुबह-शाम एक चम्मच शहद के साथ 1 लहसुन की कली ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त अपनी डाइट में भी लहसुन को शामिल करें।
आंवला आएगा काम
आंवले का रस कई मायनों में लाभकारी माना गया है। इसमें मौजूद विटामिन सी सिर्फ प्रतिरक्षा तंत्र को ही मजबूत नहीं करता, बल्कि इससे उच्च रक्तचाप की समस्या भी नियंत्रित होती है। इसके लिए एक गिलास साफ पानी में दो चम्मच आंवले का रस मिलाएं। हर रोज सुबह खाली पेट लें। इससे आप सिर्फ उच्च रक्तचाप ही नहीं, कई गंभीर बीमारियों से बचे रहेंगे।
ब्लडप्रेशर मैनेज करेगी मेथी
मेथी डायबिटीज से लेकर मोटापे व ब्लडप्रेशर की समस्या को दूर करने का माद्दा रखता है। इसमें कई पोषक तत्व जैसे विटामिन, खनिज, लौह, कैल्शियम और प्रोटीन आदि पाए जाते हैं, जो हाइपरटेंशन को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। इसके सेवन के लिए एक गिलास गर्म पानी में आधा चम्मच मेथी के बीज डाल दीजिए। फिर इसे रातभर के लिए छोड़ दें। सुबह उठते ही खाली पेट इस पानी का सेवन कीजिए।
शहद का कमाल
शहद में एंटीबायोटिक, माइक्रो न्यूट्रिएंट, एंटीऑक्सीडेंट के साथ विटामिन ए, बी और सी भी पाया जाता है। अगर शहद का प्रयोग अजवाइन के पत्तों के रस के साथ किया जाए तो इससे हाइपरटेंशन की समस्या से राहत मिलती है। इसके सेवन के लिए दिन में तीन बार अजवाइन के पत्तों का रस शहद में मिलाकर लें।
प्याज का रस
प्याज का सेवन गर्मी के मौसम में करने की सलाह दी जाती है क्योंकि यह लू से बचाता है। इतना ही नहीं, जिन लोगों को उच्च रक्तचाप की समस्या है, उन्हें भी प्याज के रस का प्रयोग करना चाहिए। दरअसल, प्याज की परतों में कुएरसेटीं नामक तत्व पाया जाता है, जो उच्च रक्त चाप को नियंत्रित करने में काफी मदद करता है। इसके सेवन के लिए आधा चम्मच प्याज का रस लेकर उसमें आधा चम्मच शहद मिलाएं। आप सुबह और शाम इस मिश्रण का सेवन कर सकते हैं।
नारियल पानी है अमृत
कुछ लोगों को प्याज या लहसुन का सेवन करने में दिक्कत होती है, ऐसे लोग नारियल पानी का सेवन करें। यह गर्मी के मौसम में न सिर्फ शरीर को निर्जलीकरण से बचाता है, बल्कि उच्चरक्तचाप को भी नियंत्रित करता है। नारियल पानी में खनिज और लवण पर्याप्त मात्रा में मौजूद होते हैं, जो धमनियों में रक्त प्रवाह के असंतुलन को शांत करने में मदद करते हैं। इसके अतिरिक्त इसमें मौजूद पोटेशियम रक्त में सोडियम के स्तर को संतुलित करता है और हाई ब्लड प्रेशर का उपचार करता है। इसके लिए आप सुबह शाम नारियल पानी का सेवन करें।
तरबूज
गर्मी के मौसम मंे तरबूज का सेवन करने की सलाह हर किसी को दी जाती है क्योंकि इसमें पानी की अधिकता होती है। साथ ही यह शरीर को ठंडक भी प्रदान करता है। इसके अतिरिक्त इसमें मौजूद एमिनो एसिड एल-साइट्रूलाइन और एल-आर्जिनिन तत्व हाई ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद करते हैं। इसलिए अगर किसी को उच्च रक्तचाप की समस्या है तो उसे तरबूज को अपनी डाइट में अवश्य शामिल करना चाहिए। इसके सेवन के लिए आप तरबूज को काटकर खाएं।
नींबू है बेस्ट
विटामिन सी और एंटी-आॅक्सीडेंट युक्त नींबू उच्च रक्तचाप का उपचार करने में सहायक है। यह रक्त वाहिकाओं को नरम और लचीला बनाने में मदद करता है। इसके सेवन के लिए आप पानी को हल्का गर्म करें और उसमें नींबू निचोड़कर रोज सुबह खाली पेट पिएं। ऐसा करने से सिर्फ रक्तचाप ही रेग्युलेट नहीं होता, बल्कि शरीर के विषाक्त पदार्थ भी बाहर निकल जाते हैं। जिससे मोटापा व अन्य कई गंभीर समस्याओं से राहत मिलती है।