भोजपुर जिले के बिहिया शहर के बदनाम एरिया में सोमवार को एक युवक की रहस्यमय मौत के बाद भीड़ हिंसक बन गई। गुस्साए लोगों ने बदनाम एरिया पर हमला बोल दिया। तीन घरों में आग लगा दी। तीन गुमटियों और एक बाइक को फूंक डाला। एक घर को भी ध्वस्त करने का प्रयास किया। बदनाम एरिया की एक महिला को भी नंगा कर सरेआम शहर में देर तक घुमाते रहे। बाद में काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उक्त महिला को छुड़ाया और अपनी कस्टडी में लेकर उसे कपड़ा पहनाया। हिंसक भीड़ के गरम तेवर देख पुलिस जान बचाकर बार-बार भागती रही। शाम में स्थिति बेकाबू देखकर पुलिस ने 6 राउंड हवाई फायरिंग की। आगजनी और तोड़फोड़ के दौरान उपद्रवियों ने बिहिया स्टेशन से गुजर रही जनसाधारण एक्सप्रेस समेत 3 ट्रेनों पर पथराव भी किया। इसमें 6 यात्रियों के चोटिल हुए।
रेलवे लाइन के किनारे मिला था शव
– देर शाम आग बुझाने पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी को भी उपद्रवियों ने पथराव कर चकनाचूर कर दिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस असहाय बनी रही और हिंसा को कंट्रोल करने में विफल दिखी।
– मृत युवक का नाम विमलेश कुमार साह था। वह आरा काॅलेज में एडमिशन कराने के बाद बिहिया पहुंचा था। इसी दौरान उसके साथ कुछ संदेहास्पद घटना घटी और उसका शव बदनाम एरिया के रेललाइन के बीच पाया गया।
– बताया जाता है कि रेल ट्रैक के किनारे दोपहर में उसके शव होने की सूचना मिलने के बाद रेल पुलिस और स्थानीय थाना की पुलिस पहुंची। लेकिन सीमा विवाद को लेकर पुलिसिया एक्शन में विलंब हुआ। इससे भीड़ उग्र हो गये और देखते-देखते हिंसा फैल गयी।
– घटना के 4 घंटे बाद भी पुलिस का कोई वरीय अफसर घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। शाम लगभग 7 बजे पुलिस लाइन से भारी संख्या में पुलिस बल और ब्रजवाहन व फायर बिग्रेड घटनास्थल पहुंचा और उपद्रवियों को खदेड़ा। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लिया।
उग्र भीड़ के आगे असहाय थी पुलिस, घबराए राहगीरों ने घरों में ली पनाह
– दोपहर लगभग 3 बजे ही उपद्रवियों ने बदनाम एरिया में घुसकर तोड़फोड़, घर में घुसकर आग लगाने और गुमटी जलाने लगे। लेकिन, पुलिस मूकदर्शक बनी रही। इसका मुख्य कारण पुलिस के पास पर्याप्त बल नहीं होना बताया जा रहा है।
– लगभग 5 बजे शाहपुर, गजराजगंज जगदीशपुर थाने की पुलिस पहुंची। इसके बाद हिंसक भीड़ को छितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग शुरू की। लेकिन हवाई फायरिंग के जवाब में हिंसक भीड़ ने रेलवे लाइन से पत्थरों को उठाकर पथराव शुरू कर दिया।
– पथराव शुरु होते ही पुलिसकर्मी जान बचाकर वहां से भाग निकले और कुछ लोगों के घरों में घुसकर छिप गये। इधर, बदनाम एरिया आग में धधकता रहा। अधिकांश महिलाएं, बच्चे व पुरुष जान बचाने के लिए दोपहर में घर छोड़कर भाग गये थे।
500 लोग तमाशा देख रहे थे और उपद्रवी मनमानी करते रहे
– बिहिया में सोमवार को जो हुआ, वह पहले कभी नहीं हुआ था। मानवता भी शर्मसार हाे गई। घटना ने सबको सकते में डाल दिया। उपद्रवियों ने पुलिस के सामने ही बदनाम एरिया की एक 35 वर्षीय महिला को घर से खींच कर निकाला… उसे नंगा कर पीटते हुए लगभग आधा किलोमीटर तक शहर के कई रास्तों में सरेआम घुमाया। उक्त महिला जान बचाने के लिए लोगों से गुहार लगाती रही, हाथ जोड़ती रही, रोती-चिल्लाती रही लेकिन, उपद्रवियों के हिंसक तेवर को देखकर कोई भी व्यक्ति उसे बचाने की हिमाकत नहीं कर सका।
– पीछे से 500 से ज्यादा की भीड़ तमाशा देखती रही। बाद में जगदीशपुर थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार और कुछ स्थानीय युवक आगे बढ़े और महिला को अपनी सुरक्षा में लेकर बचाया।
– बिहिया में हुए बवाल के बाद एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। बिहिया के थानेदार कुवर गुप्ता समेत 8 को सस्पेंड किया है। बिहिया में एसपी अवकाश कुमार कैंप कर रहे हैं। बिहिया की कमान फिलहाल धनंजय कुमार को सौंपी गई है।
Source: Dainik Bhaskar