जैसे ही मौसम बदलता है तो लोगों को अपनी डाइट पर भी ध्यान देना पड़ता है। कहा जाता है कि स्वस्थ रहने के लिए मौसमी फल व सब्जियों को आहार में शामिल करना चाहिए। लेकिन इसके अतिरिक्त भी कुछ चीजें सेहत के लिए लाभकारी होती हैं। चूंकि अब गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है तो ऐसे में जरूरी है कि आपके आहार में शरीर को भीतर से ठंडक पहुंचाने वाली चीजें शामिल हों। ऐसी ही एक चीज है दही। जो न सिर्फ शरीर को ठंडक पहुंचाती है, बल्कि इससे शरीर को अन्य भी कई प्रकार के लाभ प्राप्त होते हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में-
बनाए रखे तापमान
गर्मी के मौसम में पारा बहुत अधिक चढ़ जाता है। ऐसे में शरीर का तापमान बनाए रखने में दही आपकी काफी मदद कर सकती है। जब आप दही का सेवन करते हैं तो आपको भीतर से ठंडक का अहसास होता है। साथ पसीना और तेज धूप के कारण होने वाली थकान से भी निजात मिलती है।
नहीं पी सकते दूध
दूध में पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है, जो हड्डियों को मजबूती प्रदान करने में मदद करता है। लेकिन ऐसे भी बहुत से लोग होते हैं, जो दूध नहीं पी सकते। ऐसे लोगों के लिए दही एक अच्छा आॅप्शन है। दही में कैल्शियम के साथ-साथ अन्य भी कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो हड्डियों को तंदरूस्त बनाए रखने में मदद करते हैं। दही के रोज सेवन करने से आॅस्थोपोरोसिस जैसी बीमारी से बचा भी जा सकता है।
बीमारियां रहेंगी दूर
गर्मी के मौसम में व्यक्ति को कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। अक्सर देखने में आता है कि लोग बीमारियों से निजात पाने के लिए दवाईयों का सेवन करते हैं, लेकिन अगर आप नियमित रूप से दही का सेवन करते हैं तो आपका इम्युन सिस्टम मजबूत होता है, जिससे आपका शरीर बीमारियों से लड़ने में सक्षम होता है और बीमारियां आपके पास भी नहीं फटकतीं। ऐसा दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स के कारण संभव हो पाता है। यह प्रोबायोटिक्स इम्यून सिस्टम को मजबुत बनाते है और उसे बूस्ट करते है।
बेहतर पाचन तंत्र
अगर आप अपने पाचनतंत्र को बेहतर बनाना चाहते हैं तो दही का सेवन नियमित रूप से करें। दही बाउल मूवमेंट को बेहतर बनाती है, जिससे अपच या कब्ज जैसी समस्याओं से निजात मिलती है। साथ ही जिन लोगों को भूख न लगने की समस्या होती है, उनके लिए भी दही का सेवन लाभकारी है। इतना ही नहीं, दही के कारण ही हमारी बॉडी सभी न्यूट्रिशियन्स को एबजोर्ब कर पाती है। साथ ही दही पेट के इंफेक्शन में भी मददगार होता है।
रखे दिल का ख्याल
आज के समय में अधिकतर लोग अपनी दिल संबंधी परेशानियों के कारण बीमार बनते जा रहे हैं और दिल के बीमार होने के पीछे की वजह है उनका खानपान। खानपान के कारण जब कोलेस्ट्रोल बढ़ने लगता है तो उससे दिल को बेहद हानि होती है। लेकिन डाइट में दही शामिल करने से बॉडी में कैलोस्ट्रोल कम बनता है और दिल की नलियों को ब्लोकेज से भी बचाता है। इतना ही नहीं दही ब्लड प्रेशर में भी फायदेमंद हैं।
अगर लग जाए लू
गर्मी के मौसम में लू लगना एक बेहद आम समस्या है। ऐसे में दही का सेवन किया जा सकता है। दही के सेवन से गर्मी के मौसम में होने वाली बीमारियेां जैसे लू और दस्त आदि से आसानी से निजात पाई जा सकती है। इतना ही नहीं, सनबर्न या टैनिंग होने पर भी दही को प्रभावित स्थान पर लगाने से फायदा मिलता है।
बचाए कैंसर से
आपको शायद पता न हो लेकिन दही का सेवन कैंसर से भी बचाने में मदद करता है। दरअसल, दही में कुछ ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर में कैंसर सेल्स को बनने व बढ़ने से रोकते हैं। इसलिए नियमित रूप से दही का सेवन अवश्य करंे।
ठीक करे छाले
अगर किसी व्यक्ति के मुंह में छाले हो गए हैं तो वह दही का इस्तेमाल एक दवा के रूप में कर सकता है। मुंह में छाले होने पर आप दही से कुल्ला करें। इससे आपको काफी ठंडक मिलेगी, साथ ही छाले भी ठीक हो जाएंगे।