पीटीआई-भाषा संवाददाता 9:41 HRS IST
बेंगलुरु , 15 मई ( भाषा ) कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना शुरू होने के एक घंटे के बाद मिले शुरूआती रूझानों के मुताबिक , भाजपा ने 14 सीटों पर बढ़त बनाई है , जबकि कांग्रेस छह सीटों पर आगे चल रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया चामुंडेश्वरी सीट पर करीब 8,000 वोटों से पीछे चल रहे हैं।
रामनगर सीट पर जद ( एस ) तकरीबन 1,000 वोटों से आगे चल रही है जहां से पार्टी के नेता एच डी कुमारस्वामी मैदान में है।
एक सीट पर अन्य उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
कर्नाटक विधानसभा की 224 में से 222 सीटों के लिए 12 मई को मतदान हुआ था। मतों की गणना आज सुबह आठ बजे 38 मतगणना केंद्रों पर शुरू हुई।
आर आर नगर सीट पर कथित कदाचार की वजह से चुनाव टाल दिया गया जबकि जयनगर सीट पर भाजपा प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित किया गया है।