पीटीआई-भाषा संवाददाता 19:8 हरष ईस्ट रायपुर, 15 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में दो इनामी नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। वहीं पुलिस ने तीन नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज ‘भाषा’ से फोन पर कहा कि नक्सली जीवनशैली से त्रस्त होकर और खोखली विचारधाराओं से क्षुब्ध होकर नक्सली सदस्य बलराम पुंगाटी उर्फ रामजी (22 वर्ष) और बुधु कुरसम (26) ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बलराम के सिर पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित है।
उसके खिलाफ पुलिस दल पर हमला करने समेत कई अन्य नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।
अधिकारियों ने बताया कि बुधु कुरसम तालमेण्ड्री क्षेत्र का मिलिशिया कमाण्डर है तथा उसके सिर पर भी एक लाख रुपए का इनाम घोषित है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधु के खिलाफ पुलिस दल पर हमला और सड़क काटने समेत अन्य मामलों में शामिल होने का आरोप है।
उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि दस-दस हजार रूपए नगद प्रदान की गयी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस दल ने जिले में तीन नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र में दो नक्सलियों कुंजाम अंदा (25 वर्ष) और हेमला लखमा (31) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जांगला थाना क्षेत्र से नक्सली अवलम सुक्कु (25) को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि आज बासागुड़ा थाने से नक्सल विरोधी अभियान में तिमापुर, हिरापुर और पुतकेल गांव की ओर पुलिस दल को रवाना किया गया था। बाद में पुलिस दल ने तिमापुर के जंगल से दो नक्सलियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
अधिकारियों ने बताया कि नक्सली कुंजाम अंदा प्लाटून नम्बर 10 का सदस्य है तथा उसके सिर पर दो लाख रूपए का इनाम घोषित है।
उन्होंने बताया कि उस पर नक्सलियों के खिलाफ पुलिस दल पर हमला करने समेत अन्य मामले दर्ज हैं। पकड़े गए नक्सलियों से डेटोनेटर, कार्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, बैटरी और नक्सली साहित्य बरामद किया गया है।
अधिकारियों ने बताया पुलिस ने जांगला थाना क्षेत्र में नक्सली अवलम सुक्कु को गिरफ्तार कर लिया है।