shabd-logo

हिंदी बनाम अंग्रेजी

9 सितम्बर 2017

884 बार देखा गया 884
featured image

हिंदी हमारी मात्र् भाषा है, लेकिन अन्ग्रेज़ी ना तो मात्र्भाषा है ना ही राष्ट्रभाषा ! हमारा देश दुनिया के सम्रदतम देशों में से एक है जहाँ लगभग ३०० से अधिक भाषाएँ बोली जाती हैं किन्तु हमारे संविधान ने इनमें से २२ भाषाओं को संरक्षण प्रदान किया हुआ है | इन्ही भाषाओं में से एक भाषा हिंदी को भारत सरकार ने राजभाषा का दर्जा दिया हुआ है | किन्तु अफ़सोस हमारी यह हिन्दी भाषा केवल राजभाषा बनकर रह गयी | यह राष्ट्रभाषा का स्वरुप तब न ले सकी जबकि हिन्दुस्तान की अधिकांश आबादी इसी भाषा को बोलती और समझती है | हिन्दी केवल भारत ही नहीं अपितु दुनिया के कई देशों में बोली और समझी जाती है |

कोढ़ में खाज का काम अंग्रेज़ी पढ़ाने का ढंग भी है। पुराना पारंपरिक अंग्रेज़ी साहित्य अभी भी पढ़ाया जाता है। एन. कृष्णस्वामी और टी.श्रीरामन ने इस बाबत ठीक ही लिखा है जो अंग्रेज़ी जानते हैं उन्हें भारतीय साहित्य की जानकारी नहीं है और जो भारतीय साहित्य के पंडित हैं वे अपनी बात अंग्रेज़ी में नहीं कह सकते। जब तक हम इस दूरी को समाप्त नहीं करते अंग्रेज़ी ज्ञान जड़ विहीन ही रहेगा। यदि अंग्रेज़ी पढ़ानी ही है तो उसे भारत समेत विश्व के बाकी साहित्य के साथ जोड़िए न कि ब्रिटिश संस्कृति के इकहरे द्वीप से। अंग्रेजी भाषा के सन्दर्भ में भी हम भारतीयों के मस्तिष्क में यह मिथ्या धारणा बैठ गयी है की एक व्यक्ति का का समग्र विकास तभी संभव है जब वह व्यक्ति अंग्रेजी भाषा का जानकार हो अंग्रेजियत के ताने बाने में ढला हो | हमारे आम भारतीय समाज में व्यक्ति को तभी शिक्षित और सभ्य होने का तमगा हासिल होता है, जब उसे अंग्रेजी भाषा आती हो | यही बात राष्ट्रों के सन्दर्भ में भी आती है क्योकि सामान्यतया अंग्रेजी भाषी राष्ट्रों की विकसित, शक्तिशाली, ज्ञान- विज्ञान से युक्त तथा उच्च प्रौद्योगिकी से परिपूर्ण माना जाता है |

मेरा अपना प्रश्न राष्ट्र के सभी शिक्षित युवाओं से है की क्या ये समस्त बाते यथार्थता को छूती हैं ? शायद जवाब होगा- नहीं, कदापि नहीं | चलो इस बात पर भी विचार कर लेते हैं कि अंग्रेज़ी को कुलीन लोगों तक मात्र सीमित करने की बजाय वाकई सारे देश की संपर्क भाषा क्यों न बना दिया जाए? नंबर एक, मुझे नहीं लगता कि इसमें सफलता मिल पाएगी (आंशिक रूप से राजनैतिक कारणों से भी), दो, इसका मतलब होगा भविष्य की पीढ़ियों के हाथ से उनकी भाषा संस्कृति को जबरन छीनना। निश्चित रूप से भारतीय राष्ट्र की इमारत किसी विदेशी भाषा की नींव पर नहीं खड़ी हो सकती। भारत, अमेरिका या ऑस्ट्रेलिया की तरह महज़ भाषाई समूह नहीं है। यह उन भाषाओं की सभ्यता है जिसकी जड़ें इतनी गहरी है कि उन्हें सदियों की औपनिवेशिक गुलामी भी नहीं हिला पाई।

याद रहे कोई अमेरीकन या कोई फ्रांसीसी आपसे हिन्दी में बात तभी करेगा जब आप उससे उसकी भाषा में बात करेंगे। सिर्फ हिन्दी में बात करके न हम हिन्दी की सीमा को छोटा कर रहे हैं बल्कि पूरी दुनिया में अपने आप को कुएं का मेढक घोषित कर रहे हैं और इससे दूसरे भाषा के साथ संवाद नहीं होता और हिन्दी सिर्फ हिन्दी भाषियों के बीच सीमित रह जाता है, और ऐसा करना कोई गौरव की बात नहीं। मुझे इस बात का भी एहसास है कि हिन्दी के लिए हिन्दी माध्यम से लड़ाई कने वालों की संख्या कुछ ज्यादा है, लेकिन हिन्दी के लिए अंग्रेजी या अन्य भाषा के माध्यम से उसे बढ़ाने वालों की संख्या न के बराबर है। तभी तो आज गिने चुने अंग्रेजी बोलनेवाले पूरे भारत पर अभी भी राज कर रहे हैं और हमारा हिन्दीभाषी और अन्य 1600 से ज्यादा भाषा बोलने वाला भारत वर्ष मूक देखता रहा है।

अगर आप हिन्दी के लिए सचमुच में निष्ठावान हैं तो उन सरकारी महकमे को समझाएँ जो आज भी अंग्रेजीयत के शिकार हैं और जो न सिर्फ जनता के पैसे से जीते हैं बल्कि अंग्रेजी में पूरा का पूरा कानून बना डालते हैं। इतना ही नहीं आजादी के 68 साल के बाद भी उसी कानून को अंग्रेजी में लागू भी करते हैं और जमीन से जुड़े उन हर इंसान को हेय दृष्टि से देखते हैं जो अपनी भाषा और मिट्टी से जुड़ा है। मुझे बहुत ही पीड़ा महसूस होती है जब कोई हिन्दी को आगेब ढ़ाने की बात करे (चाहे जैसे भी हो) तो उसे कोई न कोई कारण से हतोत्साहित कर दिया जाता है खास के उन हिन्दी प्रेमियों केद्वारा जो काम कम करते हैं और आलोचना ज्यादा। मैं अंग्रेजी में लिखूँ तो फर्क पड़ता है और पूरा भारतीय प्रशासन जब अंग्रेजी में नियम और कानून बना डाले और उसे करोड़ों जनता पर थोप दे और उन्ही के पैसे से, तब कोई कुछ नहीं बोलता। माफ कीजिएगा ऐसे हिन्दी प्रेमियों के साथ मेरा मेल नहीं खाता।

हिंदी दुनिया में सबसे ज़्यादा बोली जाने वाली पाँच भाषाओं में से एक है। जबकि भारत में बमुश्किल पाँच प्रतिशत लोग अंग्रेज़ी समझते हैं। कुछ लोगों का मानना है यह प्रतिशत दो से ज़्यादा नहीं है। नब्बे करोड़ की आबादी वाले देश में दो प्रतिशत जानने वालों की संख्या 18 लाख होती है और अंग्रेज़ी प्रकाशकों के लिए यही बहुत है। यही दो प्रतिशत बाकी भाषा-भाषियों पर अपना प्रभुत्व जमाए हुए हैं। हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं पर अंग्रेज़ी के इस दबदबे का कारण गुलाम मानसिकता तो है ही, उससे भी ज़्यादा भारतीय विचार को लगातार दबाना और चंद कुलीनों के आधिपत्य को बरकरार रखना है इस समय अन्ग्रेज़ी विज्ञान, कंप्यूटर, प्रकाशन और व्यापार की अंतर्राष्ट्रीय भाषा बन चुकी है? फ़िर हिंदी अपनाकर तुम क्यों दंभी-देहाती (स्नॉब नेटिव) बनते जा रहे हो? मुझे बार-बार यह बताया जाता है कि भारत में संपर्क भाषा के रूप में अंग्रेज़ी ज़रूरी है, जो बात मुझे अखरती है वह है भारतीय भाषाओं के ऊपर अंग्रेज़ी का विराजमान होना। क्योंकि मेरा यकीन है कि बिना भारतीय भाषाओं के भारतीय संस्कृति ज़िंदा नहीं रह सकती !

आलोक सिन्हा

आलोक सिन्हा

अच्छा सार गर्भित लेख है |शुभ कामनाएं |

9 सितम्बर 2017

किताब पढ़िए

लेख पढ़िए